National

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले आप ने बड़ी घोषणा, सभी 230 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

-अकबर खान-

भोपाल, 04 मार्च (वेब वार्ता)। दिल्ली में केंद्र सरकार भले ही कितनी ही कोशिश कर ले लेकिन आम आदमी पार्टी को नहीं हरा पाएगी, यह कहना है आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संदीप पाठक का। राज्यसभा सांसद संदीप पाठक इन दिनों मध्यप्रदेश के दौरे में हैं। ग्वालियर, सतना और जबलपुर में कार्यकर्ता संवाद के बाद उन्होंने भोपाल संभाग के कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री और सांसद संदीप पाठक ने बताया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश की सभी 230 सीटों में आम आदमी पार्टी अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि राजनीति दो तरह की रह गई है, एक अच्छी और एक बुरी। अब मध्यप्रदेश की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है, और तीसरा विकल्प तलाश रही है। विधायकों का बाजार बना हुआ कांग्रेस बिक रही है, और भाजपा ख़रीद रही है। इन दोनों ही पार्टी को जनता से कोई मतलब नही है।

बीजेपी और कांग्रेस की एक जैसी राजनीति

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस और भाजपा को काम करने का भरपूर मौका दिया। ये दोनों ही पार्टी ये नहीं कह सकती कि इनको मौका नहीं मिला। प्रदेश की दो दलिये लूट की व्यवस्था से जनता बेहद परेशान है। हमे पूरा विश्वास है कि प्रदेश की जनता काम की राजनीति को अपनायेगी और अरविंद केजरीवाल मॉडल पर मोहर लगाएगी। मध्यप्रदेश में भी दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी पर करेंगे ऐतेहासिक बदलाव। आम आदमी पार्टी की लड़ाई केवल विकास की भ्र्ष्टाचार मुक्त देश बनाने की है व्यवस्था परिवर्त्तन की है।

आधारभूत स्कूल और अस्पताल रहेंगे मुद्दे

संदीप पाठक ने कहा कि दिल्ली के शिक्षा मंत्री और स्वास्थ मंत्री को केन्द्र सरकरार ने जेल में डाल दिया है। कोर्ट तय करेगी क्या सही है और क्या गलत, इसका विरोध करने के लिए हम शिक्षा और स्वास्थ को अहम मुद्दा बनाएंगे। देश की जनता आप सरकार को पसंद कर रही है। जिस दिन कोर्ट अपना फैंसला सुनाएगा उस दिन दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

देश के विकास के आ़डे आ रही बीजेपी

संदीप पाठक ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, केन्द्र सरकार देश के विकास के आड़े आ रही है। दिल्ली में ऐसे एलजी बिठा दिए हैं जो हर काम पर रोक लगा रहे हैं। हम ईमानदारी से काम कर रहे हैं। राजनीति मदभेद हो सकते हैं लेकिन देश के विकास को रोकना दुर्भाग्य की बात है।

14 मार्च को आएंगे अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने बताया कि 14 मार्च को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जबलपुर में एक विशाल सभा को संबोधित करेंगे। और यहीं से मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का बिगुल भी फूंका जाएगा, और हमें उम्मीद है कि इस बार मध्य प्रदेश की जनता हमें अच्छा आशीर्वाद देगी। विधानसभा के बाद लोकसभा चुनाव होने हैं ऐसे में जब बात अब महागठबंधन की उठेगी तो आम आदमी पार्टी ने उसे पूरी तरह से किनारा कर लिया है। राज्यसभा सांसद संदीप पाठक का कहना है कि हमारी पार्टी कभी भी किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button